ब्रेकिंग न्यूज़
29 Mar 2026, Sun

इंग्लिश न सीख पाने का अफसोस, मेसी ने जताया पछतावा

Advertisement

ब्यूनस आयर्स: दुनिया के सर्वकालिक महान फुटबॉलरों में शुमार Lionel Messi

ने हाल ही में अपने जीवन को लेकर एक निजी अफसोस साझा किया। विश्व कप विजेता अर्जेंटीना के कप्तान ने स्वीकार किया कि बचपन में पढ़ाई को गंभीरता से न लेने और खासकर अंग्रेज़ी भाषा न सीख पाने का उन्हें आज भी पछतावा है।

मेसी ने कहा कि जीवन में कई बातों को लेकर उन्हें अफसोस है, लेकिन सबसे बड़ा मलाल यह है कि उन्होंने छोटी उम्र में अच्छी शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि वह अपने बच्चों को भी हमेशा यही समझाते हैं कि वे उनकी तरह यह गलती न दोहराएं और पढ़ाई, खासकर अंग्रेज़ी भाषा, को महत्व दें।

उन्होंने आगे कहा कि फुटबॉल के कारण उन्हें दुनिया के कई देशों की यात्रा करने और अनेक प्रसिद्ध हस्तियों से मिलने का अवसर मिला। लेकिन अंग्रेज़ी न जानने की वजह से बातचीत के दौरान कई बार असहज महसूस करना पड़ा। उस समय उन्हें खुद को कम शिक्षित और असमर्थ महसूस हुआ। उन्होंने स्वीकार किया कि बचपन में पढ़ाई और अंग्रेज़ी को नजरअंदाज करना उनकी बड़ी भूल थी।

कम उम्र में ही मेसी अपने देश अर्जेंटीना को छोड़कर बार्सिलोना चले गए थे। उस दौरान उन्हें स्पेन की नागरिकता लेकर स्पेन की ओर से खेलने का प्रस्ताव भी मिला था। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि भले ही वह छोटी उम्र में देश छोड़कर चले गए, लेकिन अर्जेंटीना हमेशा उनके दिल में रहा, इसलिए उन्होंने कभी स्पेन के लिए खेलने के बारे में नहीं सोचा।

चार साल पहले हुए विश्व कप को याद करते हुए मेसी ने कहा कि पहले ही मैच में सऊदी अरब से हार के बाद टीम पर भारी दबाव आ गया था। अगला मुकाबला मेक्सिको के खिलाफ था, जिसे हर हाल में जीतना जरूरी था। उन्होंने स्वीकार किया कि वह मैच उन्होंने बेहद दबाव में खेला, क्योंकि मेक्सिको हमेशा अर्जेंटीना के लिए कड़ी चुनौती पेश करता रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Developed by