राहुल गांधी पर मणिशंकर अय्यर का निशाना, बोले- ‘INDIA ब्लॉक की कमान ‘दीदी’ को संभालने दें’
Advertisement
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के एक बयान से राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है. मणिशंकर अय्यर ने कोलकाता में कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बिना INDIA ब्लॉक खत्म हो जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि INDIA ब्लॉक को ‘दीदी’ को संभालना चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव या फिर तेजस्वी यादव को INDIA ब्लॉक का काम ममता बनर्जी को संभालने देना चाहिए.
कोलकाता में उन्होंने कहा, ‘ममता दीदी के बिना, INDIA अलायंस का ‘I’, ‘N’, ‘D’, ‘I’ और सबकुछ खत्म हो जाएगा. क्योंकि ममता बनर्जी इस गठबंठन की नेता हैं. और साथ-साथ दो-चार और लोग हैं जो इस पद को हासिल कर सकते हैं.’
उन्होंने साफ-साफ कहा कि राहुल गांधी को ममता बनर्जी या दूसरे नेताओं को इसकी कमान संभालने देना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि बजाय राहुल गांधी इसी पद पर रहने की कोशिश करें, किसी और को, जो छोटी पार्टियों का है- स्टालिन हो, ममता दीदी हो, अखिलेश हो, तेजस्वी हो या कोई और है, और कोई संभाले तो उनके पास ज्यादा टाइम रहेगा गठबंधन को चलाने के लिए.’