विधानसभा चुनाव से पहले राज्य पुलिस में बड़ा फेरबदल
Advertisement
कोलकाता: विधानसभा चुनाव के ठीक पहले राज्य सरकार ने जिला पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया है। नवान्न (Nabanna) की ओर से जारी तबादला सूची में 24 वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। लंबे तीन महीने बाद आखिरकार पूर्व मेदिनीपुर जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिला है। आईपीएस पारिजात विश्वास को जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
पूर्व मेदिनीपुर जिला राजनीतिक रूप से हमेशा संवेदनशील माना जाता है। विशेषकर शुभेंदु अधिकारी के दल बदलने के बाद इस जिले में पुलिस की सक्रियता को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। गत 27 नवंबर को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक सौम्यदीप भट्टाचार्य के तबादले के बाद से यह पद खाली था। तब से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मितुन कुमार डे कार्यवाहक एसपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बुधवार को जारी आदेश में मितुन कुमार डे को खड़गपुर रेल पुलिस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर भेज दिया गया है।
तबादला सूची में कोचबिहार के पूर्व एसपी द्युतिमान भट्टाचार्य का नाम भी चर्चा में है। काली पूजा की रात ‘सैंडो बनियान’ पहनकर आम लोगों से मारपीट के आरोप में वे पहले विवादों में आ चुके थे, जिसके बाद उन्हें कोचबिहार से हटा दिया गया था। अब उन्हें बैरकपुर कमिश्नरेट में डीसी (दक्षिण) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा हावड़ा, बैरकपुर और मुर्शिदाबाद समेत कई जिलों में पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। कई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ स्तर के अधिकारियों का भी तबादला हुआ है। सूत्रों के अनुसार, आईसी स्तर के अधिकारियों की तबादला सूची भी जल्द जारी की जाएगी।